
भारत में ज्ञान-विज्ञान की एक प्राचीन और गौरवपूर्ण परंपरा रही है। गणित, खगोल विज्ञान, चिकित्सा आदि में तो हमारा योगदान सर्वविदित तो है ही; कृषि तथा मौसम विज्ञान में भी हमारी भूमिका किसी से कम नहीं। एक मानसून आधारित और कृषि पर आश्रित समाज में ऐसा होना स्वाभाविक ही था। सदियों के अनुभवों को लोक स्मृतियों में संजोये हुए वाक्क् परंपरा से आगे बढाया जाता रहा। भारतीय जन-मानस में रचे बसे घाघ-भड्डरी इसी परंपरा की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं.
कृषि या मौसम वैज्ञानिक सदृश्य छवि बना चुके घाघ और भड्डरी के अस्तित्व के सम्बन्ध में कई मान्यताएं प्रचलित है। उत्तर भारत में अति प्रचलित इन दोनों पात्रों की कहावतों के रूप में मौसम सम्बन्धी निर्देश आज भी आम ग्रामीण मानस के लिए मौसम के पूर्वानुमान का अचूक स्रोत है। इस क्षेत्र का प्रायः हर प्रदेश इन्हें अपनी मिट्टी से जुड़ा मानता है। उपलब्ध लोकोक्तियों की भाषा शैली इन्हें बिहार तथा उत्तरप्रदेश के भी करीब पाती है, मगर इनका जुड़ाव बंगाल और राजस्थान से भी उतना ही है। इस प्रकार कहें तो कृषि तथा वर्षा पर आश्रित हर प्रदेश के शायद एक अपने ही घाघ-भड्डरी हैं; जो वहां की प्रचलित बोली में उन्हें मौसम सम्बन्धी ज्ञान बाँट रहे हो सकते हैं। वैसे भी इस क्षेत्र में प्रचलित शब्द 'घाघ' एक चतुर व्यक्ति के लिए प्रयुक्त किया जाता है, ऐसे में 'घाघ' व्यक्ति विशेष को दी जाने वाली एक उपाधि भी हो सकती है।
लोक मान्यताओं के अनुसार घाघ एक प्रसिद्ध ज्योतिषी भी थे, जिन्होंने भड्डरी जो संभवतः गैर सवर्ण स्त्री थी (क्या कहें आज हर शब्द बड़े नपे-तुले ढंग से प्रयोग करना पड़ता है, जाने किसकी आस्था को कहाँ चोट पहुँच जाये !) की विद्वता से प्रभावित हो उससे विवाह किया था। इस प्रकार लोक जीवन में घाघ के साथ भड्डरी की कहावतों को भी न सिर्फ समान स्थान मिला हुआ है, यह तत्कालीन समाज में विद्वता के वर्गीकरण को नकार प्रतिभा की स्वीकृति के नजरिये को भी दर्शाता है। समय के साथ इनकी कहावतों में संभावित हेर-फेर से इनकार नहीं किया जा सकता, मगर लाखों कृषकों की आस्था में जीवित घाघ-भड्डरी की लोकोक्तियों पर सार्थक वैज्ञानिक चिंतन अपेक्षित तो है ही।
इनकी लोकोक्तियों पर केन्द्रित एक पोस्ट यहाँ भी मौजूद है।
तस्वीर- साभार गूगल
