Showing posts with label गाँधी जी. Show all posts
Showing posts with label गाँधी जी. Show all posts

Sunday, October 2, 2011

गांधीजी के विचारों की कालजयिता



कभी स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि अगर कभी वेदांत लौट कर आया तो वह अमेरिका में आएगा. ऐसा इसलिए कि भौतिक समृद्धि सहित सभ्यता के हर चरण के चरम पर पहुँच जाने के बाद ही उसके ह्रदय में परम लक्ष्य और शांति की लालसा जागेगी और वह इसे स्वीकृत कर सकेगा. मगर निःसंदेह आज अमेरिका ही नहीं समस्त विश्व एक आतंरिक बेचैनी, अधूरेपन से गुजर रहा है और शांति की एक शीतल छाँव का आकांक्षी है. मगर आध्यात्म के सिद्धांतों को आत्मसात करने के लिए शायद अभी पूर्णतः परिपक्व नहीं हुआ है, और तभी ऐसे में उभरता है एक ऐसा नाम जो इन सिद्धांतों की एक व्यावहारिक अभिव्यक्ति है - ' महात्मा गांधी '. 

एक आम आदमी किस तरह स्वयं में आत्मिक और आंतरिक विकास सुनिश्चित कर सकता है इसका एक ऐसा व्यावहारिक उदाहरण हैं गाँधी जिन्हें कोई भी अनुकरण कर सकता है. इसीलिए आज समस्त विश्व में ही गाँधी के विचारों को समझने, आत्मसात करने या व्यवहार में उतारने के कई उदाहरण सामने आ रहे हैं. यहाँ तक कि ' मरा-मरा' कहने वाले भी 'राम-राम' कहने को बाध्य हो गए हैं, मगर बाल्मीकि बनने के लिए उनमें सच्चा आत्मिक आग्रह भी होना आवश्यक है. 

आप गाँधी विरोधी भी हों मगर उनसे अछूते नहीं रह सकते. पिछले चंद महिनों में धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक लगभग हरेक स्वरूपों में ही गाँधी जी की बनाई लकीर पर चलने की कोशिश करते दिखना इस उपमहाद्वीप में गांधीजी की अपार जनस्वीकार्यता को ही दर्शाता है. 

गांधीजी अपनी स्वीकार्यता, सार्वभौमिकता के लिए किसी सरकारी कर्मकांड या किसी के समर्थन अथवा   आह्वान के मोहताज नहीं हैं. उनके विचारों को नए परिप्रेक्ष्य में समझने का प्रयास कर हम उनपर उपकार नहीं करने वाले, बल्कि उन विचारों तक हमारी निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कर उन्होंने आने वाली पीढ़ियों को उपकृत किया है. अब यह तो आधुनिक विचारकों (!) के टेस्ट पर निर्भर करता है कि अब वो उनमें कड़वी दवा ढूंढें या चटपटे मसाले.

आज गांधीजी के विचारों को धरती पर उतारने वाले कई युवा और संगठन निःस्वार्थ भाव से गाँवों में जाकर उनके आदर्श ग्राम के स्वप्न को धरती पर उतरने के प्रयास कर रहे हैं. गांधीजी की आत्मा और उनका आशीर्वाद उन निःस्वार्थ कर्मयोगियों के बीच ही विद्यमान है. मैं बार - बार यह कहता रहा हूँ कि अहिंसा के पुजारी एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद भी लोग उसे सकारात्मक / नकारात्मक किसी भी पक्ष में भूलते नहीं और उनके समकालीन या पूर्व अथवा बाद में बने कट्टरपंथी संगठनों से अपेक्षित संख्या में जुड़ते नहीं तो कहीं-न-कहीं उस दुबले-पतले, इकहरे आदमी  में कुछ तो बात रही ही होगी. शायद तभी आज कहीं दुनिया की बड़ी कंपनिया उन्हें सबसे बेहतर सीईओ के रूप में देखती है तो सर्वशक्तिमान देश के मुखिया उनके सानिध्य की आकांक्षा रखते हैं. 

आज चाहे-अनचाहे कई संगठन अपने -आपको गांधिमार्गी  प्रदर्शित करने का मुखौटा  लिए  घूम रहे हैं, मगर विश्वास है कि हिंदुस्तान की संवेदनशील और विवेकी जनता उन मुखौटों के पीछे छुपी सच्चाई को पहचानने में पुनः अपनी सक्षमता का परिचय देगी.

आज के इस पावन अवसर पर गांधीजी के विचारों के मूर्त रूप आदरणीय लाल बहादुर शास्त्री जी को भी नमन.

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...