Saturday, February 5, 2011

शतकीय पोस्ट के साथ प्रेम के सफर पर (1)



जी हाँ, इस पोस्ट के द्वारा एक नई श्रृंखला की शुरुआत के साथ ही इस ब्लॉग पर मेरे पोस्ट्स की सेंचुरी भी पूरी हो रही है. अब तक के इस सफर में आप लोगों के साथ देते जाने का धन्यवाद.

तो अब इस श्रृंखला में आपको ले चल रहा हूँ अपने साथ एक प्रेममय सफर पर.

यूँ तो प्रेम का कोई देश, काल और सीमाएँ नहीं होतीं, मगर प्रकृति के उद्दात स्वरुप को देखते हुए वसंत को ही प्रेम के माह के रूप में सवाभौमिक मान्यता प्राप्त है. प्रेम का कोई निश्चित स्वरुप भी नहीं है, यह तो सिर्फ एक भावनात्मक एहसास है, जो किसी में भी, कभी भी उभर सकता है. सत्य और काल्पनिक, सफल - असफल प्रेम कथाओं की एक वैश्विक परंपरा रही है, मगर यहाँ यह बात याद रखने की जरुरत है कि हार-या-जीत प्रेमियों कि हुई है - प्रेम की नहीं. प्रेम तो सिर्फ प्रेम है - हार/जीत, सही/गलत जैसे मानकों से कहीं ऊपर.

इस श्रृंखला में मेरा प्रयास रहेगा ऐसी प्रेम स्मृतियों को याद करने का जिन्होंने हमारी सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को कहीं-न-कहीं से प्रभावित किया है.

हमीदा बानो -हुमायूँ

हमीदा बानो का नाम पहले देने का कारण उस अमर प्रेम की श्रृंखला के पहले अध्याय को स्वीकार करना है जिसकी परिणति दुनिया को प्रेम की प्रतिनिधि रचना 'ताज' के रूप में मिली.


हुमायूँ का जीवन संघर्ष किसी से छुपा नहीं है, मगर वो हमीदा ही थीं जिसने हर परिस्थिति में उसका साथ निभाया. हुमायूँ की तरह हमीदा का जीवन भी दुरूह और कठिनतम यात्राओं से भरा रहा, मगर वो हर कदम पर हुमायूँ के साथ रही. पत्नी और साम्राज्ञी की भूमिका निभाते हुए भी हमीदा का एक प्रमुख योगदान एक ऐसी माँ के रूप में याद किया जायेगा जिसने अकबर जैसी हस्ती को जन्म दिया और उसके व्यक्तित्व के विकास पर अपनी गहरी छाप छोड़ी.

हमीदा के व्यक्तित्व का एक उल्लखनीय पहलु तब सामने आता है जब हमें पता चलता है कि उसने प्रारंभ में बाबर की बहू और हुमायूँ की पत्नी बनने से प्रारंभ में इनकार कर दिया था, मगर लगातार आग्रह और विशेषकर हुमायूँ की बहन गुलबदन बेगम के समझाने पर विवाह को रजामंद हो गईं. कहते है की उनकी आपत्ति इस बात को लेकर थी कि शहंशाहों के जीवन में स्त्रियों को समुचित स्थान और सम्मान नहीं मिलता. उस दौर में स्त्री के अधिकार और सम्मान के लिए आवाज उठाने की उनकी भावना को गुलबदन बेगम ने अपनी पुस्तक 'हुमायूँनामा' में इस रूप में वर्णित किया है कि -


"I shall marry someone; but he shall be a man whose collar my hand can touch, and not one whose skirt it does not reach."

हुमायूँ की मृत्यु के बाद उसकी याद और उसके प्रति Boldअपने प्रेम की अभिव्यक्ति का एक शाहकार है 'हुमायूँ का मकबरा' - जो कि भारतीय वास्तुकला पर फारसी प्रभाव का पहला उदाहरण बना.


इस ऐतिहासिक प्रेम कहानी को महबूब खान निर्देशित और अशोक कुमार - नर्गिश अभिनीत 'हुमायूँ' (1945) द्वारा सेल्युलाईड पर भी उतरा गया था.



चलते - चलते प्रसिद्ध कवि सोम ठाकुर जी की एक प्रेम कविता भी सिर्फ आपकी आपकी नजर :

लौट आओ


लौट आओ (मांग के सिंदूर) की सौगंध तुमको


नयन का सावन निमंत्रण दे रहा है।


आज बिसराकर तुम्हें कितना दुखी मन यह कहा जाता नहीं है।

मौन रहना चाहता, पर बिन कहे भी अब रहा जाता नहीं है।

मीत! अपनों से बिगड़ती है बुरा क्यों मानती हो?

लौट आओ प्राण! पहले प्यार की सौगंध तुमको

प्रीति का बचपन निमंत्रण दे रहा है।


रूठता है रात से भी चांद कोई और मंजिल से चरण भी

रूठ जाते डाल से भी फूल अनगिन नींद से गीले नयन भी

बन गईं है बात कुछ ऐसी कि मन में चुभ गई, तो

लौट आओ मानिनी! है मान की सौगंध तुमको

बात का निर्धन निमंत्रण दे रहा है।


चूम लूं मंजिल, यही मैं चाहता पर तुम बिना पग क्या चलेगा?

मांगने पर मिल न पाया स्नेह तो यह प्राण-दीपक क्या जलेगा?

यह न जलता, किंतु आशा कर रही मजबूर इसको

लौट आओ बुझ रहे इस दीप की सौगंध तुमको

ज्योति का कण-कण निमंत्रण दे रहा है।


दूर होती जा रही हो तुम लहर-सी है विवश कोई किनारा,

आज पलकों में समाया जा रहा है सुरमई आंचल तुम्हारा

हो न जाए आंख से ओझल महावर और मेंहदी,

लौट आओ, सतरंगी श्रृंगार की सौगंध तुम को

अनमना दर्पण निर्मंत्रण दे रहा है।


कौन-सा मन हो चला गमगीन जिससे सिसकियां भरतीं दिशाएं

आंसुओं का गीत गाना चाहती हैं नीर से बोझिल घटाएं

लो घिरे बादल, लगी झडि़यां, मचलतीं बिजलियां भी,

लौट आओ हारती मनुहार की सौगंध तुमको

भीगता आंगन निमंत्रण दे रहा है।

यह अकेला मन निमंत्रण दे रहा है।

Thursday, February 3, 2011

हमदोनों – “ कि दिल अभी भरा नहीं “



सदाबहार अभिनेता व निर्माता – निर्देशक देव आनंद की क्लासिक ‘हमदोनों’ आगामी 4 फरवरी को अपने नए और रंगीन स्वरूप में दर्शकों के समक्ष पुनः प्रदर्शित होने जा रही है.


‘मुग़ल – ए- आजम’ के बाद से पुरानी श्वेत श्याम फिल्मों को रंगीन वर्जन में प्रस्तुत करने का एक नया ट्रेंड स्थापित हुआ है, जो उस दौर की फिल्मों को रंगीन वर्जन में देख पाने की चाहत को पूरा तो करता ही है, साथ ही नई पीढ़ी को आकर्षित भी करता है सिनेमा के उस दौर की ओर जिसने विश्व फलक में आज एक विशिष्ट स्थान बनाये ‘बॉलिवुड’ की बुनियाद रखी है.


‘हमदोनों’ देव साहब के दिल के काफी करीब रही है. इसमें पहली बार उन्होंने दोहरी भूमिका निभाई थी. युद्ध, शांति और प्रेम

जैसी मानवीय भावनाओं की कशमकश को उभारने का प्रयास है – ‘हमदोनों’.


मांगों का सिंदूर न उजड़े, माँ – बहनों की आस न टूटे ...

..................................................................................

ओ सारे जग के रखवाले, निर्बल को बल देने वाले,

बलवानों को दे-दे ज्ञान;

अल्लाह तेरो नाम – ईश्वर तेरो नाम...”


इस फिल्म के लिए देव साहब को ‘फिल्मफेयर’ के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की कैटेगरी के लिए नामांकन मिला था, जबकि इसके निर्देशक अमरजीत को 1962 के ‘बर्लिन फिल्म फेस्टिवल’ में ‘Golden Bear’ सम्मान के लिए नामांकन मिला था. आज चाहे ये उपलब्धियां सामान्य सी लगती हों, मगर आज इन्हें सामान्य करार देने में तब के इनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.


काफी लोगों के लिए यह जानकारी नई होगी कि हिंदी फिल्मों में कैरियर आरंभ करने से पूर्व देव साहब सेना की डाक सेवा से भी जुड़े रहे थे; इस दरम्यान प्राप्त अपने अनुभवों को भी उन्होंने इस फिल्म में अपने अभिनय में ढालने की कोशिश की थी.


देव साहब की फिल्मों का सबसे सशक्त पक्ष उनका संगीत होता है. यह फिल्म भी इस कसौटी पर पूर्णतः खरी उतरती है.


“मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया” गीत हिंदी फिल्मों के इतिहास की एक कालजयी रचना है, जो अब तक और आने वाली कई पीढ़ियों के लिए भी जीवन के फलसफ़े की तरह साथ रहेगा.


और हाँ, देव साहब के सौजन्य से सायास ही प्राप्त यह मेरा सौभाग्य कि इस फिल्म के पुनर्प्रदर्शन के अवसर पर कुछ लिख पाने का अवसर मुझे प्राप्त हुआ.


देव आनंद, नंदा, साधना के अभिनय, जय देव के संगीत, साहिर लुधियानवी के गीतों और विजय आनंद के लेखन को एक धागे में खूबसूरती से पिरोने वाले निर्देशक अमरजीत द्वारा हिंदी सिनेमा के स्वर्ण युग की इस अविस्मरणीय प्रस्तुति को दोबारा महसूस करने को चलें 4 फरवरी को – ‘हमदोनों’......

Wednesday, February 2, 2011

25 वाँ 'सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला'

इंडियन आइडल श्री राम के नाम रही पहली शाम



आज से हरियाणा का प्रसिद्द 'सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला' आरंभ हो गया. 1 -15 फरवरी, 2011 तक आयोजित होने वाला यह आयोजन अपनी तरह का एक अनूठा आयोजन है.

देश की शिल्प संस्कृति और विविधता को दर्शाने वाले इस मेले में हर वर्ष किसी राज्य को थीम बनाया जाता है. इस वर्ष इस मेले का थीम राज्य है - ' आँध्रप्रदेश '. अन्य राज्यों के अलावे आंध्रप्रदेश की कला, शिल्प और संस्कृति की विशेष झलक देखी जा सकती है इस बार.
इस वर्ष इस मेले में सार्क (SAARC) देशों के प्रतिनिधी भी शामिल हो रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्बेकिस्तान इस वर्ष इस मेले के सहयोगी राष्ट्र की भूमिका निभा रहा है.

मेले में शिल्प, कला आदि के अलावे विभिन्न राज्यों के विशिष्ट और परंपरागत खान-पान का भी आनंद उठाया जा सकता है.
मेले के साथ संबद्ध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला में आज की शाम रही 'इन्डियन आइडल' विजेता श्री राम के नाम. नाट्यशाला में खुले आसमान के नीचे बैठे दर्शकों को इन्होने अपने सुरों और अंदाज पर झूमाते हुए मंत्रमुग्ध कर दिया. इस दौरान जहाँ वो युवा दिलों की भावनाओं को अभिव्यक्ति देते नजर आये तो वहीँ बच्चों के साथ भी झूमे और तेलुगूभाषिओं की भावनाओं को भी पूरा सम्मान दिया.
आगामी दिनों में उत्सव की इस श्रंखला में शास्त्रीय और लोक नृत्य, ग़जल, लोक गीत, जादू जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी शामिल किये जायेंगे. मेरी व्यक्तिगत राय में ऐसे महोत्सव में किसी विशिष्ट मित्र के साथ जायें तो शायद ज्यादा एन्जॉय कर पाएं, अन्यथा मेरी तरह सिर्फ रिपोर्टिंग और विरासत दर्शन की ही अनुभूति के साथ लौट आने की स्थिति में होंगे. : - ) कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी, भ्रमण तथा ठहरने आदि संबंधी जानकारी के लिए हरियाणा टूरिज्म की वेबसाईट पर भी संपर्क कर सकते हैं.

सूरजकुंड के संबंध में कुछ ऐतिहासिक जानकारी अगली किसी पोस्ट में जल्द ही. तब तक लुत्फ़ उठाइए 'सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला' का.

Tuesday, February 1, 2011

25 जनवरी - 'राष्ट्रीय मतदाता दिवस'

परिस्थितिवश कुछ दिनों नियमित ब्लौगिंग से दूर रहा, और एक महत्त्वपूर्ण तिथी अचर्चित रह गई. विगत 25 जनवरी को 'राष्ट्रीय मतदाता दिवस' के रूप में मनाया गया. 'भारतीय निर्वाचन आयोग' के हीरक जयंती वर्ष पर इसके स्थापना दिवस को सरकार द्वारा 'राष्ट्रीय मतदाता दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है. इस अवसर पर देशवासियों को मतदान के प्रति जागरूक करने और चुनाव आयोग के हमारी संसदीय प्रणाली में योगदान को लेकर विभिन्न प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. साथ ही 18 वर्ष की मतदान योग्य आयु प्राप्त कर चुके युवाओं की पहचान कर हर वर्ष इस तिथी तक उन्हें 'मतदाता पहचान पत्र' उपलब्ध कराना भी इस दिवस का लक्ष्य है.

संविधान द्वारा लोकतान्त्रिक प्रक्रिया में आम भागीदारी को सुनिश्चित करने की दिशा में मतदान एक महत्त्वपूर्ण माध्यम है. कई बार सरकार या जनप्रतिनिधि से निराशा अथवा मतदान में धांधली मतदाताओं में इस प्रक्रिया को लेकर उपेक्षा की भावना भर देती है. मगर मैं अपने अनुभव से कहता हूँ कि मतदान न करना मतदान करने से ज्यादा नुकसानदेह है. मतदान कर भी आप अपना विरोध दर्ज करा सकते हैं और कहीं ज्यादा सशक्त ढंग से. आपका एक मत किसी जितने के प्रबल मगर अवांछित उम्मीदवार के खिलाफ महत्त्वपूर्ण हो सकता है. हो सकता है आपका वोट प्राप्त उम्मीदवार जीत न पाए (जो स्वाभाविक भी है) मगर प्रबल संभावना है कि ज्यादा बुरे की अपेक्षा कम बुरे को मौका मिले और यह क्रम किसी योग्य उम्मीदवार के लिए राह भी सुगम करे. यह पंक्तियाँ काफी बौद्धिक और विचारोत्तेजक चाहे न लग रही हों मगर इसका सफल कार्यान्वयन अपने हाथों होने का गर्वीला अहसास मेरे पास है.

निर्वाचन की प्रक्रिया को परिमार्जित करने में निर्वाचन आयोग सतत्त संलग्न है, मगर उसकी सार्थकता हमारे मतदान प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने में ही है. तो आइये लें एक जागरूक और सजग मतदाता बनने की शपथ.....

(प्रेम माह 'वसंत' - (आयातित नहीं - पूर्णतः स्वदेशी) आने को है, इस माह में कुछ ऐसी प्रेम स्मृतियों की चर्चा भी की जाएगी जो वाकई एक धरोहर हैं - भौतिक ही नहीं वैचारिक भी. इस प्रेममय सफ़र में आपके साथ की भी प्रत्याशा रहेगी.)

Sunday, January 16, 2011

स्त्री मनोविज्ञान का चित्रण करता एक चीनी नाटक ‘The Amorous Lotus Pan’


नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के 13 वें ‘भारत रंग महोत्सव’ में कल ‘कमानी’ रंगालय में एक चीनी नाटक ‘अमोरौस लोटस पैन’ ( The Amorous Lotus Pan ) का मंचन हुआ. ‘सेंट्रल अकादमी ऑफ ड्रामा’, चीन द्वारा प्रस्तुत प्रो. चेन गेंग द्वारा निर्देशित यह नाटक चीन के एक प्रमुख शास्त्रीय उपन्यास ‘ आउटलाज ऑफ दि मार्श ‘ की एक पात्र पैन जिनलियन पर आधारित है.

स्त्री मनोविज्ञान की पड़ताल करते इस नाटक में नियति और व्यक्तित्व के बीच होने वाले अंतर्द्वंद और मनुष्य पर इसके प्रभाव को सामने लाने का प्रयास किया गया है.

नायिका पैन जिनलियन अल्पायु में ही अनाथ हो जाती है. उसे एक अमीर व्यक्ति झेंग दाऊ को बेच दिया जाता है, जो उसे अपनी उप पत्नी बनाना चाहता है. पैन द्वारा प्रस्ताव ठुकरा दिए जाने पर, झेंग उसके साथ बलात्कार कर सजा के रूप में वुडा नाम के बौने को सौंप देता है. वुडा एक कायर, दब्बू और यथास्थितिवादी इंसान है, जिसके साथ पैन की जिंदगी में कोई आकर्षण रह ही नहीं जाता है. वो, वुडा के छोटे भाई वु सौंग जो काफी बहादुर और आकर्षक है; से प्रेम करने लगती है. मगर वो उसकी भावनाओं को स्वीकार नहीं करता. अंततः वह एक अमीर व्यक्ति ‘ झिमैन किंग ‘ से जुड जाती है. पति के तलाक देने पर राजी न होने पर किंग के उकसावे पर पैन वुडा को जहर दे देती है. वु सौंग अपने भाई की हत्या के प्रतिशोध में पैन द्वारा आत्मस्वीकृति और उसे इस स्थिति में पहुँचाने में अपनी भूमिका को देखता हुआ भी पैन की हत्या कर देता है. अंत में पैन का अभिनय कर रही प्रतिभाशाली अभिनेत्री – ‘ली येकिंग’ दर्शकों के समक्ष एक प्रश्न रखती है कि –

“ यदि वह पैन जिनलियन होती और ठीक इसी तरह के दुर्भाग्य से संघर्ष कर रही होती, तब वह अपने लिए क्या चुनाव करती ? “

यह सवाल वर्त्तमान वैश्विक एकरूपता के इस युग में प्रत्येक स्त्री सहित संपूर्ण समाज से किया गया एक सवाल भी है. है इसका कोई जवाब आपके पास ???

ये नाटक इस मायने में भी खास है कि यह पुनः रेखांकित करता है कि स्त्री मनोविज्ञान को समझने में अपनी असमर्थता को स्वीकार करने में सभी धर्मों के प्राचीन आख्यानों; भारतीय, रोमन, ब्रिटिश आदि सभी नाटकों में भी एक अद्भुत साम्य है. इस नाटक का स्रोत और यह नाटक भी इसी श्रृंखला में एक कड़ी लगते हैं.

नाटक का प्रस्तुतीकरण, पात्रों का अभिनय काफी प्रभावशाली है; विशेषकर मानवीय अंतर्द्वंद की अभिव्यक्ति का नाट्य चित्रण सराहनीय है.

यह नाटक हमें चीनी समाज को जरा पास से देखने का एक अवसर भी देता है, और कहीं न कहीं यह सोच भी जगाता है कि अपनी संस्कृति और समाज को वैश्विक प्रभाव से संरक्षित रखने की इसकी अपनी भावना और शैली है; जिसका हमें सम्मान करना चाहिए. बेवजह उसे सभ्यता और मानवाधिकार जैसे पाठ पढाने का नैतिक अधिकार शेष विश्व के पास भी नहीं ही है. चीन जैसा है, उसे वैसे ही स्वीकार करते हुए उसके साथ परस्पर सामंजस्य के नए स्रोत भी ढूंढने चाहिए. और निश्चय ही कला व संस्कृति की इसमें एक महत्त्वपूर्ण भूमिका हो सकती है.


Saturday, January 15, 2011

विकिपीडिया के दस वर्ष ; जन्मदिन मुबारक


यह एक अद्भुत संजोग है कि जब मैंने ब्लौगिंग शुरू की थी तब उसके प्रारंभिक दौर में ही 'गूगल' का 10 वाँ जन्मदिन आन पड़ा था, और अब जबकि एक ब्रेक के बाद पुनः ब्लौगिंग शुरू की है तो एक और मशहूर सर्च इंजन 'विकीपीडिया' का 10 वाँ जन्मदिन आन पड़ा है. जी हाँ, आज 15 जनवरी को विकिपीडिया अपनी स्थापना के दस वर्ष पूरे करने जा रहा है. इसके प्रंशसक इस दिन को 'विकिपीडिया डे' के रूप में भी सेलिब्रेट करते हैं.

15 जनवरी 2001 को जिमी वेल्स और लैरी सैगर द्वारा ऑनलाइन विश्वकोश WikiPedia की स्थापना की गई.

विकिपीडिया शब्द 'विकी' (यानी एक ऐसा जाल पृष्ठ जो सभी को इसका संपादन करने की छूट देता है) और 'इनसाइक्लोपीडिया '(ज्ञानकोष) शब्दों को मिला के बना है।

स्थापना के पूर्व ही इसे जिस आलोचना का सर्वाधिक सामना करना पड़ा वो थी - " विश्वकोष का निर्माण शोधकर्ताओं और विद्वानों की जिम्मेवारी है; आम लोगों की नहीं." निःशुल्क, व्यापक, गैरलाभकारी और मुक्त ज्ञानकोष की स्थापना और वो भी बिना किसी प्रायोजक की मदद के; वाकई संस्थापकों के लिए एक बड़ी चुनौती थी.

मगर संचालकों ने इन चुनौतियों के आगे हिम्मत नहीं हारी. लेखों की Crowd sourcing (आम लोगों से जुटाई सामग्री) पर निर्भर इस साईट द्वारा धन के लिए भी विज्ञापनों के सब्सक्रिप्शन की जगह Crowd sourcing का ही सहारा लिया गया. और नतीजा ? 250 से भी अधिक भाषाओँ में 2.6 करोड लेखों के साथ आज यह इन्टरनेट पर 5 वें नंबर की सबसे सफल वेबसाइट है. एक लाख से अधिक स्वयंसेवक संपादकों और अनगिनत लेखकों से लैस इस साईट के उपभोक्ताओं की संख्या 42 करोड से अधिक ही है.

आज यह 200 से भी ज्यादा भाषाओँ में अपनी सेवाएं दे रहा है. हिंदी में यह साईट जुलाई, 2003 से उपलब्ध है और आज इसपर हिंदी में भी लगभग 68000 लेख उपलब्ध हैं.

सूचनाओं के संकलन में आम आदमी की साझेदारी के प्रयोग ने इसे कई विवादों में भी डाला मगर इसने अपनी कार्यप्रणाली को दुरुस्त करते हुए अपनी विश्वनियता बनाये रखी है.

एक बड़ी सोच और बुलंद इरादों के साथ प्रारंभ कोई विचार कैसे अपनी मजबूत नींव स्थापित करता है, इसका अप्रतीम उदाहरण है 'विकिपीडिया'.

दसवीं सालगिरह पर उज्जवल और प्रगतिशील भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं.

Friday, January 14, 2011

दिल्ली की लोहड़ी




देश की राजधानी होने के कारण दिल्ली और यहाँ के लोगों के लिए सभी त्यौहार भी अपने ही से हो जाते हैं. यहाँ ‘लोहड़ी’ की धूम रही तो ‘मकर संक्रांति’ का उत्साह भी जोरों पर है. सूर्य देव भी दो दिनों से अपनी रंगत में लौट दिल्लीवासियों को राहत और खुशी के पूरे मौके दे रहे हैं.

यूँ तो आधुनिकता में हमारे कई पारंपरिक खेल भी लुप्त ही होते जा रहे हैं, मगर अपने अतीत में झांकें तो दिसंबर - जनवरी के दौरान बच्चे एक कील पर आधारित लकड़ी से बने 'लट्टू' काफी घुमाया करते थे. कभी सोचा है आपने कि कहीं ये इसी अवधि के दौरान धरती के घूर्णन और इससे होने वाले मौसम चक्र के प्रतीक तो नहीं थे ! पतंग बाजी और लट्टू जैसे खेलों को भी खगोलीय और वैज्ञानिक स्पर्श दे देना - ओह ! It Happens Only in India !!! Incredible India !!!!!!

आप सभी को भी ‘लोहड़ी’, ‘मकर संक्रांति’, ‘उत्तरायण’ की हार्दिक शुभकामनाएं.

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...